UP: बागपत में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 40 हजार रिश्वत लेते जिला आपूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी गिरफ्तार

UP: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में शुक्रवार को विजिलेंस मेरठ की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पूर्ति विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारी पर राशन डीलर से कमीशन मांगने और कार्रवाई की धमकी देने के आरोप लगे हैं।

विजिलेंस टीम ने कार्यालय में की छापेमारी

मिली जानकारी के मुताबिक विजिलेंस मेरठ की टीम ने बागपत के जिला पूर्ति कार्यालय में अचानक छापा मारा। इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी को बुढ़सैनी गांव के राशन डीलर नरेंद्र सिंह से 40 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद टीम उन्हें अपने साथ कोतवाली ले गई, जहां मामले में पूछताछ की जा रही है।

Also Read: SSC ऑनलाइन परीक्षा में धांधली! ग्रेटर नोएडा में STF की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

प्रति क्विंटल तय किया गया था कमीशन

आरोप है कि राशन डीलर से प्रति क्विंटल 45 रुपये के हिसाब से कमीशन मांगा जा रहा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि पैसे नहीं देने पर विभागीय कार्रवाई कराने की धमकी भी दी जा रही थी। इसी शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया और अधिकारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

गिरफ्तारी से विभाग में मची हलचल

जैसे ही जिला पूर्ति अधिकारी की गिरफ्तारी की खबर फैली, पूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया। विजिलेंस टीम अब मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)