बाराबंकी: उपभोक्ताओं के हंगामे के बाद अधिशासी अभियंता हरिपाल सिंह निलंबित, अमिजीत कुमार साह को सौंपी गई जिम्मेदारी

बाराबंकी: बाराबंकी जिले के तहसील रामनगर स्थित विद्युत वितरण खंड रामनगर-बुढ़वल के अधिशासी अभियंता हरिपाल सिंह को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में लगातार खराब विद्युत आपूर्ति, लो-वोल्टेज की समस्या तथा उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों के मद्देनजर की गई है।

बीते दिनों सूरतगंज विद्युत उपकेंद्र पर हजारों उपभोक्ताओं और ग्रामीणों ने बिजली संकट से परेशान होकर धरना-प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है और अत्यधिक लो-वोल्टेज के कारण घरेलू उपकरण तक संचालित नहीं हो पा रहे हैं। उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की थी।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब मौके पर पहुंचे अधिशासी अभियंता हरिपाल सिंह को उपभोक्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र परिसर में बैठाकर विरोध दर्ज कराया। इस घटना से प्रशासनिक अधिकारियों और विद्युत विभाग के जिम्मेदारों में हड़कंप मच गया था। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद मामला शांत कराया जा सका।

Also Read: UP: बागपत में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 40 हजार रिश्वत लेते जिला आपूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी गिरफ्तार

सूत्रों के अनुसार हरिपाल सिंह के खिलाफ लगातार शिकायतें उच्च अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। उपभोक्ताओं का आरोप था कि वे विभागीय सीयूजी नंबर पर फोन नहीं उठाते थे, जिससे बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान में देरी होती थी। विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों और सूरतगंज की घटना को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने कार्रवाई की।

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, लखनऊ मुख्यालय द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन संख्या-757-प्रति/मविविनिलि/ई-1/2 बी-2टी/तैनाती, दिनांक 28 मई 2026 के अनुसार हरिपाल सिंह के निलंबन के उपरांत लखनऊ मुख्यालय में तैनात अधिशासी अभियंता अमिजीत कुमार साह को विद्युत वितरण खंड रामनगर में तैनात किया गया है।

विभागीय आदेश में तत्काल कार्यभार ग्रहण कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को देखते हुए किसी प्रकार का कार्यभार ग्रहणकाल अनुमन्य नहीं होगा। अधिकारियों को बिना प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा किए तत्काल कार्यमुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Also Read: SSC ऑनलाइन परीक्षा में धांधली! ग्रेटर नोएडा में STF की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

विभाग की इस कार्रवाई के बाद विद्युत महकमे में हलचल तेज हो गई है। वहीं उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि नई तैनाती के बाद क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार होगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)