यूपी: उत्तर प्रदेश में महंगाई की मार झेल रहे लोगों पर अब एक और आर्थिक बोझ बढ़ने वाला है। दूध, पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब बिजली भी महंगी हो गई है। यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने बिजली बिल पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का निर्णय लिया है, जिससे लाखों उपभोक्ताओं की मासिक खर्च बढ़ जाएगा।
जून के बिल में जुड़ेगा अतिरिक्त चार्ज
यूपीपीसीएल द्वारा जारी आदेश के मुताबिक अगले महीने से बिजली उपभोक्ताओं को अपने बिल में 10 फीसदी तक अतिरिक्त राशि चुकानी होगी। यह बढ़ा हुआ शुल्क जून माह के बिजली बिल के साथ वसूला जाएगा। यानी नियमित बिजली बिल के अलावा उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सरचार्ज का भी भुगतान करना पड़ेगा।
Also Read: ‘BJP में अब करंट नहीं रहा…’, बिजली कटौती पर अखिलेश यादव का UP सरकार पर हमला
फ्यूल सरचार्ज बना वजह
बिजली विभाग का कहना है कि बिजली उत्पादन और खरीद की लागत में लगातार वृद्धि हो रही है। इसी अतिरिक्त खर्च की भरपाई के लिए फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया गया है। इस फैसले का असर घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यावसायिक और अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं पर भी पड़ेगा, जिससे उनकी बिजली संबंधी लागत बढ़ जाएगी।
बिजली कटौती के बीच बढ़ी चिंता
बिजली दरों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय पर की गई है जब प्रदेश के कई जिलों में लोग बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति की समस्या से परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच बढ़ती बिजली मांग के कारण उपभोक्ता पहले से ही मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में बिजली बिल पर 10 फीसदी अतिरिक्त भार पड़ने से आम लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

















































