मिर्जापुर : मिर्जापुर जिले के कलाम इनोवेशन लैब, अहरौरा के नवप्रवर्तक आर्यन प्रसाद ने आम, बेल सहित अन्य पेड़ों पर लगे फलों को आसानी से तोड़ने के लिए एक सरल और उपयोगी मशीन विकसित की है। घरों और बागानों में ऊंचे पेड़ों से फल तोड़ने में होने वाली परेशानी को देखते हुए उन्होंने यह नवाचार किया। मशीन में एक विशेष बैग लगाया गया है, जिससे फल टूटने के बाद सीधे बैग में सुरक्षित एकत्र हो जाते हैं और जमीन पर गिरकर खराब नहीं होते।
जिला विज्ञान क्लब मीरजापुर के समन्वयक सुशील कुमार पांडेय ने बताया कि आर्यन प्रसाद एक जुगाड़ू नवप्रवर्तक हैं। इससे पहले भी वे गोभी काटने की मशीन विकसित कर चुके हैं। उनके नवाचारों का प्रदर्शन प्रतिष्ठान अहमदाबाद में भी हो चुका है। उन्होंने बताया कि फल तोड़ने की यह मशीन उपयोग में सरल, टिकाऊ और किफायती है।
Also Read : आईआईआरएफ-2026 रैंकिंग में एमएमएमयूटी की उल्लेखनीय उपलब्धि
आर्यन प्रसाद ने “संदीपन एग्रो” नाम से अपनी कंपनी स्थापित कर स्टार्टअप की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि फल तोड़ने वाली मशीन की कीमत 300 रुपये तथा बैग सहित मशीन की कीमत 2,500 रुपये निर्धारित की गई है। अब तक वे लगभग 120 मशीनें तैयार कर विभिन्न राज्यों में बेच चुके हैं। मशीन की बढ़ती उपयोगिता को देखते हुए उन्हें लगातार नए ऑर्डर भी प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद में यदि कोई किसान, बागवान या अन्य व्यक्ति इस मशीन को खरीदना चाहता है अथवा इसके बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करना चाहता है, तो वह उनके मोबाइल नंबर 6392472450 पर संपर्क कर सकता है। यह मशीन फलों की सुरक्षित तुड़ाई के साथ समय और श्रम की भी बचत करती है।













































