सहारनपुर : सहारनपुर के थाना देवबंद क्षेत्र में जमीनी विवाद से जुड़े हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार यह मामला ग्राम लालवाला का है, जहां बीती 9 मई को दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था।
पीड़ित रविंद्र राणा, पुत्र रमेश राणा, निवासी ग्राम लालवाला, ने थाना देवबंद में तहरीर देकर आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष के लोग उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से हमला किया। हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी और पुत्र बेहोश हो गए। साथ ही आरोप है कि उनके घर में तोड़फोड़ की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं।
घटना के आधार पर थाना देवबंद में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
Also Read – एम्स गोरखपुर का शोध उपलब्धि : बीड़ी सेवन और कैंसर जोखिम पर Lancet में प्रकाशित
इस निर्देश के पालन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कपिल देव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी रामचंद्र, पुत्र कृपा, निवासी ग्राम लालवाला को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी को ग्राम फतेहपुर के जंगल मार्ग से पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामला दर्ज है। वर्ष 2022 में उसके विरुद्ध थाना देवबंद में मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया। पुलिस ने कहा कि मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई भी जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
https://youtu.be/nK9AZg8iO54?si=xfy6NjP6-uLBwiNL
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































