अब हाईटेक इंटरसेप्टर बाइक से होगी ट्रैफिक नियमों की निगरानी! ओवरस्पीडिंग पर तुरंत कटेगा ई-चालान

UP: अमेठी में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक से लैस इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों को सड़क पर उतार दिया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने दो नई इंटरसेप्टर बाइकों को यातायात पुलिस के बेड़े में शामिल किया। इन बाइकों का मुख्य उद्देश्य तेज रफ्तार और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर तत्काल कार्रवाई करना है।

लेजर गन और हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों से होगी निगरानी

नई इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों में स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे और अन्य आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। लेजर गन के जरिए वाहनों की गति का सटीक आकलन किया जाएगा। यदि कोई वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में पाया जाता है, तो उसकी पहचान कर मौके पर ही ई-चालान जारी किया जा सकेगा। वहीं कैमरों की मदद से वाहन की नंबर प्लेट स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड होगी, जिससे कार्रवाई में पारदर्शिता और तेजी आएगी।

Also Read: UP: गोण्डा पुलिस का गैंगस्टरों पर बड़ा प्रहार, 23.03 लाख की अवैध संपत्ति कुर्क

इन नियमों के उल्लंघन पर भी रहेगी पैनी नजर

इंटरसेप्टर बाइक केवल ओवरस्पीडिंग तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट दोपहिया चलाना, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट न लगाना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी नजर रखेगी। नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ ई-चालान के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

दुर्घटनाओं में कमी लाने पर रहेगा फोकस

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कहा कि तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था से ट्रैफिक प्रबंधन पहले से अधिक प्रभावी होगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने और लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की।

Also Read: UP: फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था चोरी की बाइक, मुगलसराय पुलिस ने आरोपी को दबोचा

अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ

इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों के संचालन की शुरुआत के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, यातायात प्रभारी शोभनाथ राम सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से जिले में यातायात व्यवस्था और अधिक सुव्यवस्थित होगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)