UP: सीतापुर के जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बुधवार को जिले के कई क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच की और अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
पंचायत भवन में बंद मिला स्वास्थ्य-पोषण सत्र, डीएम ने जताई नाराजगी
विकास खंड गोंदलामऊ के ग्राम सहावपुर स्थित पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ा सत्र संचालित नहीं मिला। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
Also Read:इटावा: हाईवे पर अनाज खरीद से हंगामा! रोज लग रहा जाम, प्रशासन पर उठे सवाल
एएनएम का वेतन रोका, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री को नोटिस
लापरवाही सामने आने पर डीएम ने एएनएम का 15 दिनों का वेतन रोकने के आदेश दिए। वहीं आशा कार्यकत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री को भी नोटिस देते हुए अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
नैमिषारण्य में विकास कार्यों की जांच, गुणवत्ता पर जोर
इसके बाद जिलाधिकारी नैमिषारण्य पहुंचे, जहां उन्होंने मां ललिता देवी मंदिर के पास निर्माणाधीन पंचमुखी प्लाजा समेत अन्य परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को मानकों के अनुसार सामग्री का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
Also Read: यूपी-112 और फायर ब्रिगेड ने झोंकी पूरी ताकत, मगर अंधे कुएं से जिंदा नहीं निकल सकी गाय
समय पर पूरा हो विकास कार्य, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी विकास परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर निर्माण स्थल पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए और कार्य में आने वाली किसी भी बाधा की सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।


