मुरादाबाद: कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव सीलपुर में पत्नी के मायके चले जाने से आहत एक दिव्यांग युवक ने बुधवार को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर आवश्यक कार्रवाई की. घटना से परिवार में कोहराम मच गया.
मृतक की पहचान ग्राम सीलपुर निवासी मोहम्मद नसीम, 27, पुत्र जमालुद्दीन के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार नसीम दिव्यांग था और उसकी पत्नी नसरीन बिहार की रहने वाली है. दंपति के दो बेटे हैं, जिनमें एक की उम्र करीब 5 वर्ष और दूसरे की 2 वर्ष है.
परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले घर में कहासुनी होने के बाद पत्नी नसरीन दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी. इसके बाद से नसीम मानसिक तनाव में रहने लगा था. बुधवार सुबह परिजनों ने उसे घर में कपड़े के फंदे से लटका देखा. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए.
सूचना मिलते ही कुंदरकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया. थानाध्यक्ष हम्बीर सिंह जादौन ने बताया कि पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है.
नसीम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था. उसकी मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



