UP: अमेठी कोतवाली क्षेत्र के पूरे रामदत्त वैष्णा गांव में गुरुवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां घर में सो रहे 11 वर्षीय बालक की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सांप के डसने के बाद मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी जीतलाल का 11 वर्षीय बेटा राज रात में अपने घर में बिस्तर पर सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। बालक की चीख सुनकर परिजन तुरंत जागे और मौके पर पहुंचकर देखा कि राज को सांप ने काट लिया है।
Also Read: अमेठी: नर्सिंग छात्रा की गुमशुदगी से मचा हड़कंप, आरोपी युवक की तलाश में जुटी अमेठी पुलिस
अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी जान
परिजन आनन-फानन में राज को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेंटुआ लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मजदूरी करने बाहर गए पिता को दी गई सूचना
बताया जा रहा है कि मृतक बालक के पिता जीतलाल रोजी-रोटी कमाने के लिए दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं। घटना की जानकारी उन्हें दे दी गई है। वहीं, सूचना मिलने के बाद अमेठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रशासन ने सहायता का दिया भरोसा
घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी गई। उपजिलाधिकारी पंकज मिश्र ने मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मासूम की मौत से गांव में शोक की लहर है और ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार को जल्द आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है।
देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है.

















































