चंदौली: जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र के हेतमपुर गांव में बिजली का करंट लगने से 38 वर्षीय किसान संदीप विश्वकर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को लोक जन सोशलिस्ट पार्टी के जिलाध्यक्ष भोलानाथ विश्वकर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय लेखपाल से दूरभाष पर वार्ता कर पीड़ित परिवार को शासन की ओर से आर्थिक सहायता और अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। जिलाध्यक्ष भोलानाथ विश्वकर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से मिलकर हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
Also Read: CJP प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज से भड़का विपक्ष , अखिलेश बोले- ये सरकार नहीं, अहंकार है
जानकारी के अनुसार, संदीप विश्वकर्मा कुछ दिन पहले अपने खेत में धान की रोपाई की तैयारी कर रहे थे। अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण उन्हें चक्कर आ गया और वे खेत में ही गिर पड़े। आसपास मौजूद किसानों और ग्रामीणों ने उन्हें घर पहुंचाया। कुछ समय बाद जब उनकी तबीयत में सुधार हुआ तो उन्होंने घर में पंखा चालू करने का प्रयास किया। इसी दौरान वे बिजली के करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना और पोस्टमार्टम कराए बिना ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया। संदीप विश्वकर्मा परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। वे लघु एवं सीमांत किसान होने के साथ-साथ निजी नौकरी भी करते थे और उसी आय से परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है।
















































