UP: बारिश और मौसम में बदलाव से बढ़ीं मौसमी बीमारियां, अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ी

चंदौली: मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और बारिश के कारण क्षेत्र में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। राजकीय महिला चिकित्सालय मुगलसराय में इन दिनों उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। अस्पताल में विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ी है।

राजकीय महिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार और चर्म रोग के मामले बढ़ रहे हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव और बारिश का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। बच्चों में वायरल संक्रमण के मामले अधिक देखने को मिल रहे हैं।

Also Read: UP: चलती डबल डेकर बस बनी आग का गोला, 40 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

उन्होंने लोगों को बारिश में भीगने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि शरीर के तापमान में अचानक बदलाव से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। गर्म स्थान से अचानक ठंडे वातावरण और ठंडे स्थान से गर्म वातावरण में जाने से बचना चाहिए। बारिश के दौरान भीगे कपड़ों में अधिक देर तक रहने से भी बचें।

ALSO READ: Mirzapur: नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाला आशिक गिरफ्तार, कछवां पुलिस ने 48 घंटे में बरामद की किशोरी

डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बच्चों को अनावश्यक रूप से बारिश में बाहर न ले जाएं। जरूरी होने पर छाता या रेनकोट का इस्तेमाल करें। साथ ही बारिश के दौरान बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें।

उन्होंने लोगों से स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, साफ पानी और ताजा भोजन का सेवन करने तथा वायरल के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव के दौरान सावधानी और समय पर उपचार से मौसमी बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)