Sultanpur: कटका क्लब सामाजिक संस्था ने देवी-देवताओं का भेष धारण कर नृत्य किए जाने और दुर्गापूजा के दौरान देवी-देवताओं की झांकियां निकाले जाने पर रोक लगाने समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन और नगर सीओ राघवेंद्र सिंह को लिखित ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम की अगुवाई मिशन जारी टीम के मनोज कुमार विश्वकर्मा ने की।
जानिए क्या है पूरा मामला?
कटका क्लब के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ ने कहा कि धार्मिक देवी-देवताओं का भेष धारण कर नृत्य करने तथा दुर्गापूजा के दौरान देवी-देवताओं की झांकियां निकालने की परंपरा पर रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था और मर्यादा का सम्मान किया जाना आवश्यक है। ज्ञापन में जिले में लगातार हो रही विद्युत कटौती का मुद्दा भी उठाया गया। मिशन जारी टीम के मनोज कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि बिजली कटौती से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की।
ALSO READ: Bahraich में तालाब में डूबने से 13 वर्षीय बालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
वहीं, बृजेंद्र मिश्र ने कूरेभार क्षेत्र के फूलपुर गांव में क्षतिग्रस्त लिंक मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मार्ग खराब होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसके अलावा उन्होंने जानलेवा चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने की मांग प्रशासन से की।इस दौरान प्रांजल मिश्र, शिव कुमार, महेंद्र सिंह, विनय उपाध्याय, गौरी शंकर शर्मा समेत दर्जनों युवा मौजूद रहे।














