बिजनौर: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, 40 वर्षीय युवक ने मौके पर तोड़ा दम

बिजनौर: हल्दौर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बाल किशनपुर चौराहे पर हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हल्दौर थाना क्षेत्र के बाल किशनपुर चौराहे के पास 40 वर्षीय विकास कुमार पुत्र विजयपाल सिंह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विकास गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

Also Read: बरेली में हाईवे पार करते समय 15 वर्षीय छात्र को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर मौत

कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर लगाया जाम

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित परिजनों ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम

जाम की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी समझाने-बुझाने और मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद इलाके में भी काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

ALSO READ: Jaunpur: चोरी के शक में नाबालिग को बांधा, आंखों पर पट्टी बांधने का वीडियो वायरल

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

हल्दौर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी हल्दौर के अनुसार, आरोपी वाहन की तलाश के लिए टीम लगाई गई है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)