बरेली: फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के टिसुआ गांव में शनिवार सुबह नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना किशोर के परिजनों को दे दी गई है।
बाकरगंज गांव निवासी अनमोल कक्षा दसवीं का छात्र था। बताया गया कि शनिवार सुबह वह अपने दोस्त के साथ टिसुआ में कोचिंग पढ़ने के लिए गया था। कोचिंग के बाद दोनों हाईवे के पास पहुंचे। इसी दौरान अनमोल के दोस्त ने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और पानी पीने के लिए चला गया। इसी बीच अनमोल ने बाइक स्टार्ट कर ली और सड़क पार करने का प्रयास करने लगा।
ALSO READ: Jaunpur: चोरी के शक में नाबालिग को बांधा, आंखों पर पट्टी बांधने का वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि जैसे ही अनमोल बाइक लेकर हाईवे पार करने लगा, उसी दौरान बरेली की ओर से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनमोल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
Also Read: गोण्डा: स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 वाहन जब्त और 7 का चालान
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है।
अनमोल पांच बहनों के बीच सबसे छोटा था और उसका एक भाई भी है। उसके माता-पिता नोएडा में निजी नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही दोनों घर के लिए रवाना हो गए। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।















































