Mathura: महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पं. यतेंद्र मुकद्दम ने नगर निगम की बदहाल व्यवस्थाओं और मेयर साहब के पिछले 25 दिनों से शहर से गायब रहने पर तीखा व्यंग्य करते हुए कहा कि जब शहर के प्रथम नागरिक ही इतने लंबे समय से जनता के बीच दिखाई नहीं दे रहे हैं, तो फिर नगर निगम की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की जिम्मेदारी आखिर कौन संभाल रहा है?
जानिए क्या है पूरा मामला?
यतेंद्र मुकद्दम ने कहा कि मथुरा शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। जगह-जगह गंदगी, जलभराव और अव्यवस्थाओं से जनता परेशान है, लेकिन नगर निगम के जिम्मेदार लोगों को जनता की समस्याओं की कोई चिंता दिखाई नहीं दे रही।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “मेयर साहब विकास तो कराते नहीं हैं, ऊपर से पिछले 25 दिनों से शहर से भी गायब हैं। लगता है मथुरा का नगर निगम अब मेयर साहब को ढूंढ रहा है और जनता अपनी समस्याओं का समाधान।” मुकद्दम ने कहा कि पंप ऑपरेटरों की व्यवस्था को लेकर भी जनता में सवाल उठ रहे हैं। पानी निकासी और जलभराव जैसी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार नगर निगम के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। भुगतान और कमीशनखोरी को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।
उन्होंने कहा कि नगर निगम में सफाई व्यवस्था से लेकर जलभराव और जल निकासी तक हर मोर्चे पर जनता परेशान है। जनता टैक्स देती है और बदले में उसे गंदगी, जलभराव और अधिकारियों के चक्कर मिल रहे हैं। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम जनता की सेवा के लिए है, जनता को चक्कर कटवाने के लिए नहीं। मेयर साहब को शहर में वापस आकर जनता के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज करानी चाहिए और यह बताना चाहिए कि पिछले 25 दिनों में शहर की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर क्या कार्रवाई की गई।उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि “मेयर साहब शहर में नहीं हैं, लेकिन शहर की समस्याएं यहीं हैं। अब जनता यह जानना चाहती है कि मेयर साहब कब लौटेंगे और नगर निगम कब जागेगा?”














