UP: चंदौली में दिखा 308 पहियों वाला महाकाय ट्रक, 180 टन के वेसल को लेकर हाईवे पर निकला

UP: चंदौली मेंनेशनल हाईवे पर शुक्रवार को 308 पहियों वाला महाकाय ट्रक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। करीब 180 टन वजनी विशाल वेसल को लेकर चल रहे इस विशेष ट्रांसपोर्टर को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुटती रही। लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि विशाल वेसल समुद्री रास्ते से बेल्जियम से ओडिशा पहुंचा था। इसके बाद इसे विशेष ट्रांसपोर्टर के जरिए ओडिशा से झारखंड और बिहार होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा तक लाया गया है। मोहनिया टोल प्लाजा से गुजरते हुए महाकाय ट्रक यूपी-बिहार सीमा की ओर पहुंचा। ट्रक के आकार और वेसल के भारी वजन को देखते हुए इसके सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

Also Read: Bijnor में किसानों का प्रदर्शन, गन्ने का दाम ₹800 कुंतल करने की मांग

महाकाय ट्रांसपोर्टर के रास्ते में आने वाले अवरोधों को हटाने की कवायद भी जारी है। एनएचएआई की टीम भी इसके आवागमन को लेकर अलर्ट है। रास्ते में पड़ने वाले गैंट्री बोर्ड और अन्य संभावित अवरोधों को हटाने अथवा आवश्यक व्यवस्था करने की तैयारी की जा रही है, ताकि ट्रांसपोर्टर को आगे बढ़ाने में किसी तरह की परेशानी न हो।जानकारी के अनुसार यह विशाल वेसल बलरामपुर में प्रस्तावित एक औद्योगिक इकाई के लिए भेजा जा रहा है।
यहां इससे संबंधित संयंत्र स्थापित किए जाने के बाद बायो प्लास्टिक का उत्पादन प्रस्तावित है।महाकाय ट्रक के हाईवे से गुजरने की तस्वीरें और वीडियो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे जुट रहे हैं। ट्रक की लंबाई, 308 पहियों और विशाल वेसल को देखकर लोग इसे मोबाइल कैमरे में कैद कर रहे हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)