UP: हाथरस में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से वृद्ध की मौत

UP: हसायन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार करीब 70 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना हसायन-बाण मार्ग पर गांव सेगला के पास हुई।

जानिए क्या है पूरा मामला?

बताया गया कि जसपाल पुत्र प्रेमपाल, उम्र करीब 70 वर्ष, निवासी मस्कारा, जिला हमीरपुर, ठाकुर दास पुत्र मनीराम, उम्र करीब 49 वर्ष, निवासी पवई, जिला महोबा और प्रलयंकर पुत्र मन्नालाल, उम्र करीब 23 वर्ष, जिला हमीरपुर रात में स्कॉर्पियो से उपचार के सिलसिले में गांव बाण आए थे। दिन में तीनों बाइक से हसायन कस्बे में पूजा का सामान लेने पहुंचे थे। सामान खरीदने के बाद जब वे बाइक से वापस बाण की ओर लौट रहे थे, तभी गांव सेगला के पास सामने से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

ALSO READ: Pilibhit में आधी रात शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ठाकुर दास और प्रलयंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन ले जाया गया। चिकित्सकों ने दोनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर हसायन कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)