सहारनपुर: सरसावा थाना क्षेत्र में रुड़की-पंचकूला मार्ग पर जगेता नजीब के पास शनिवार को भूसे से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में तीन लोग घायल हुए, जबकि ट्रैक्टर के नीचे दबे दो लोगों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में ओवरटेक कर रही थीं। इसी दौरान दोनों वाहनों में साइड लगने से वे अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही सरसावा पुलिस, क्षेत्राधिकारी नकुड़ जितेन्द्र कुमार सिंह और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया।
क्षेत्राधिकारी नकुड़ जितेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आपस में ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। दुर्घटना में घायल तीन व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
सीओ के मुताबिक, स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे व्यक्तियों को बाहर निकाला गया, लेकिन दोनों की मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक राहत-बचाव कार्य चलता रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों और मृतकों की पहचान सहित अन्य आवश्यक जानकारी जुटा रही है।














