बांदा: बुंदेलखंड की धरती का अनमोल खजाना शजर पत्थर अब सात समंदर पार तक अपनी चमक बिखेरने की ओर बढ़ रहा है।ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में बांदा के शजर का ऐसा जलवा देखने को मिल रहा है कि देशी ही नहीं, विदेशी मेहमान भी इसकी खूबसूरती के कायल हो रहे हैं।प्राकृतिक नक्काशी से सजे शजर के आभूषणों और कलाकृतियों को देखने के लिए स्टॉल पर भारी भीड़ उमड़ रही है।ओडीओपी योजना के तहत शिल्पकार द्वारिका प्रसाद सोनी और अर्जुन गुप्ता द्वारा लगाए गए स्टॉल पर अब तक करीब चार लाख रुपये की बिक्री होने का दावा किया गया है।
शजर की चमक देखने उमड़ रहे रोजाना 5 से 6 हजार लोग
इंटरनेशनल ट्रेड शो के हॉल नंबर-9 में लगा बांदा का स्टॉल इन दिनों आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। शजर पत्थर की अनोखी बनावट और उस पर की गई बारीक कारीगरी लोगों को ठहरकर देखने के लिए मजबूर कर रही है।स्टॉल संचालक द्वारिका प्रसाद सोनी के मुताबिक,रोजाना करीब 5 से 6 हजार लोग स्टॉल पर पहुंच रहे हैं।अब तक उनकी करीब चार लाख रुपये की बिक्री हो चुकी है।यह आयोजन बांदा के पारंपरिक शिल्प को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर बन रहा है।
अंगूठी,नेकलेस और पेंडल की जबरदस्त मांग
शजर पत्थर से बने आकर्षक आभूषण लोगों की पहली पसंद बन रहे हैं।अंगूठी,पेंडल और नेकलेस के साथ-साथ शिल्पकारों की बारीक नक्काशी वाली कलाकृतियां भी लोगों को खूब लुभा रही हैं।भारत का नक्शा,राष्ट्रीय पक्षी मोर,उत्तर प्रदेश का मानचित्र,शिव मंदिर और केदारनाथ मंदिर की कलाकृतियां स्टॉल की खास पहचान बनी हुई हैं।पत्थर के भीतर उभरती प्राकृतिक आकृतियों और रंगों की अनूठी छटा लोगों को आकर्षित कर रही है।
विदेशी मेहमानों ने भी बांदा के हुनर को सराहा
बांदा के शजर की चमक अब अंतरराष्ट्रीय मेहमानों तक पहुंच रही है।शिल्पकार द्वारिका प्रसाद सोनी के मुताबिक,अब तक विभिन्न देशों के करीब 300 विदेशी मेहमान स्टॉल पर पहुंच चुके हैं।विदेशी मेहमानों ने शजर पत्थर की प्राकृतिक खूबसूरती और उस पर की गई कारीगरी को उत्सुकता से देखा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














