बहराइच में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दो दिन पहले ही जेल से जमानत पर आया था बाहर

बहराइच: बहराइच जनपद के मोतीपुर थाना क्षेत्र के नैनिहा कांटा चौराहे पर देर रात सड़क पार कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा सेमरहना निवासी रविन्द्र निषाद पुत्र चन्द्रभान देर रात नैनिहा कांटा चौराहे से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

Also Read: लखनऊ: पंचायत चुनाव को लेकर पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर का बड़ा बयान, अदालत के निर्देशों का पालन करेंगे, अनिल राजभर पर भी तंज

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना देकर एंबुलेंस बुलवाई और घायल रविन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रविन्द्र ने दम तोड़ दिया।

ALSO READ: चंदौली में आजीविका समूह की महिलाओं का प्रदर्शन, 2 हजार मानदेय पर जताया आक्रोश

आठ महीने पहले पत्नी ने की थी आत्महत्या

बताया जा रहा है कि करीब आठ माह पूर्व रविन्द्र की पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से रविन्द्र के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था। परिजनों के मुताबिक, रविन्द्र करीब दो दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)