मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर में नॉनवेज की दुकानों और होटल-ढाबों को लेकर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। रात 11 बजे के बाद नॉनवेज की दुकानें और संबंधित प्रतिष्ठान खुले नहीं रहेंगे। इसी निर्देश के पालन को सुनिश्चित कराने के लिए खालापार थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ देर रात सड़कों पर उतरे और क्षेत्र में संचालित होटल एवं नॉनवेज दुकानों के संचालकों से बातचीत की।
पुलिस ने होटल और नॉनवेज कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय के बाद दुकान या प्रतिष्ठान को खुला न रखा जाए। खालापार थाना प्रभारी ने सड़क पर उतरकर अलग-अलग दुकानों और होटल संचालकों को पुलिस के निर्देशों की जानकारी दी और समय का पालन करने की अपील की।
पुलिस ने कहा कि रात 11 बजे के बाद नॉनवेज की दुकानें संचालित नहीं की जाएंगी। इस दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में भ्रमण कर दुकानों की स्थिति भी देखी और संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
पुलिस के इस एक्शन के बाद देर रात तक खुले रहने वाले नॉनवेज प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।














