गोण्डा: सरकारी नौकरी के नाम पर 10.25 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देने वाले दो गिरफ्तार

गोण्डा: सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख 25 हजार रुपये लेने और फर्जी नियुक्ति संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, धनराशि वापस मांगने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

पटेल नगर निवासी रियाज अहमद सिद्दीकी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि करण वर्मा और अनूप कुमार पाण्डेय ने सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे कुल 10,25,000 रुपये लिए। इसके बाद उन्हें फर्जी/कूटरचित नियुक्ति संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सर्कुलर रोड स्थित एक किराये के मकान में दबिश देकर करण वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

Also Read: UP: APK फाइल डाउनलोड कराकर 5.23 लाख की साइबर ठगी, गैंग का सरगना गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, करण वर्मा की निशानदेही पर इमरती विसेन स्थित रामप्यारे फिलिंग सेंटर के सामने अनूप कुमार पाण्डेय के मकान पर दबिश दी गई। पुलिस टीम को देखकर पीछे के रास्ते से भागने का प्रयास कर रहे अनूप कुमार पाण्डेय को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया। गिरफ्तार आरोपी करण वर्मा पुत्र परशुराम वर्मा, निवासी मतवरिया रूगढ़ नौसी, थाना मोतीगंज, गोण्डा,अनूप कुमार पाण्डेय पुत्र चन्द्रवंश मणि पाण्डेय, निवासी विम्हौर पोस्ट इमलिया गुरदयाल, थाना कोतवाली नगर, गोण्डा के रहने वाले हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)