लखनऊ: SRMPS के ‘सोनाटा 2026’ में दिखा हुनर का शानदार संगम, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक रहे मुख्य अतिथि

लखनऊ: श्री रामस्वरूप मेमोरियल पब्लिक स्कूल (SRMPS), लखनऊ की ओर से अंतर-विद्यालयीय संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता ‘सोनाटा 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के संस्थापक एवं अध्यक्ष स्वर्गीय श्री लक्ष्मी नारायण अग्रवाल की दूरदर्शी सोच और आदर्शों को समर्पित इस कार्यक्रम की थीम ‘Every Emotion Has a Story’ यानी हर भावना की अपनी एक कहानी रही। आयोजन के माध्यम से स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी 21 वर्षों की उपलब्धियों और उत्कृष्टता का उत्सव मनाया।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक रहे मुख्य अतिथि

समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, भातखंडे विश्वविद्यालय की डीन डॉ. सृष्टि माथुर और सोसायटी के सदस्य डॉ. भारतेन्दु अग्रवाल की विशेष मौजूदगी रही। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘मिशन जिंदगी’ महिला बैंड की प्रस्तुति रही। बैंड ने संगीत के जरिए महिला सशक्तीकरण, महिलाओं की रचनात्मकता और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

30 स्कूलों के 750 से अधिक प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

सोनाटा 2026 में 30 विद्यालयों के 750 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने संगीत और नृत्य के माध्यम से अपनी कला, रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ अन्य विद्यालयों के छात्रों के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर भी प्रदान किया।

समग्र शिक्षा और प्रतिभा विकास पर SRMPS का जोर

विद्यालय की निदेशक श्रुति अग्रवाल और प्रधानाचार्या अनुपमा वर्मा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विद्यालयों, अतिथियों, निर्णायकों और आयोजन टीम का आभार जताया। उन्होंने इसे युवा प्रतिभाओं के लिए एक यादगार मंच बताया। सोनाटा 2026 के जरिए विद्यालय ने समग्र शिक्षा और ‘ए मॉडर्न गुरुकुल’ की अपनी अवधारणा को दोहराया। स्कूल का ध्येय वाक्य ‘Nurturing Excellence, Inspiring Futures’ विद्यार्थियों के शैक्षणिक, रचनात्मक और व्यक्तित्व विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुकपर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटरपर भी फॉलो कर सकते हैं. )