फर्रुखाबाद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, चालकों को सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद : जनपद में प्रस्तावित होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में एआरटीओ कार्यालय फर्रुखाबाद में ऑटो/टैम्पो एवं ई-रिक्शा चालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने पर विशेष जोर दिया गया।

यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में करीब 7000 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में अन्य जनपदों से आने वाले परीक्षार्थियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था को लेकर पहले से ही रणनीति तैयार कर ली है।

Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

बैठक में एआरटीओ (प्रशासन) कृष्ण कुमार यादव ने चालकों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी परिस्थिति में निर्धारित किराए से अधिक वसूली न की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाहर से आने वाले परीक्षार्थी जनपद के अतिथि हैं और उनके साथ “अतिथि देवो भवः” की भावना से व्यवहार किया जाए। यदि किसी भी चालक के खिलाफ शिकायत मिलती है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी चालक अपने वाहनों में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाएं और ओवरलोडिंग से पूरी तरह बचें। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैलाने की हिदायत दी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रवर्तन टीमें लगातार निगरानी रखेंगी और नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read : ‘मेरी लाश पापा छू भी ना पाएं…’, कानपुर में वकील प्रियांशु श्रीवास्तव की पांचवीं मंजिल से कूदने के बाद मौत

प्रशासन ने चालकों से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान प्रमुख परीक्षा केंद्रों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास विशेष सतर्कता बरतें और परीक्षार्थियों को समय से उनके केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें। बैठक में करीब 42 ऑटो/टैम्पो और ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे।

जनपद प्रशासन ने सभी चालकों से अनुशासन, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई है, ताकि परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराया जा सके।