अमेठी: शुकुल थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। धनेश पाठक का पुरवा गांव में 28 वर्षीय प्रेरणा पाल का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मृतका के परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
Also Read: UP: लखनऊ में 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से गैंगरेप, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
दो साल पहले हुआ था प्रेम विवाह
मृतका प्रेरणा पाल का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व मनोज पाल से प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। दोनों के वैवाहिक जीवन को लेकर गांव में अलग-अलग तरह की चर्चाएं हो रही हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रेरणा की हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Also Read: UP: फर्जी IPS बनकर रचाई शादी, नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलने पर पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)














































