अयोध्या : STF ने मुठभेड़ में मार गिराया गोरखपुर का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू

अयोध्या। प्रयागराज एसटीएफ की टीम ने रविवार देर रात अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र में मुठभेड़ में गोरखपुर के कुख्यात बदमाश भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह को मार गिराया। घायल अवस्था में उसे अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भानु पर दर्ज थे 40 से अधिक मुकदमे

भानु प्रताप सिंह बेलघाट क्षेत्र के विधनापार गांव का निवासी था। वह लूट, चोरी, डकैती और हत्या जैसे गंभीर आपराधिक मामलों में लंबे समय से सक्रिय था। उसके ऊपर गोरखपुर, आजमगढ़, अंबेडकरनगर समेत विभिन्न जिलों में 40 से अधिक मुकदमे दर्ज थे।

पुलिस और एसटीएफ द्वारा इनाम घोषित

– गोरखपुर के तत्कालीन एसएसपी गौरव ग्रोवर ने भानु पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
– एसटीएफ ने उसके सिर पर 2 लाख रुपये का इनाम रखा था।
– इसके अलावा अन्य जनपदों में भी 1 लाख और 50 हजार रुपये के इनाम घोषित थे।

Also Read: सास पर फिदा हुआ दामाद! कोर्ट मैरिज का वीडियो वायरल

मुठभेड़ का विवरण

प्रयागराज एसटीएफ की टीम, इंस्पेक्टर जे.पी. राय के नेतृत्व में कार्रवाई कर रही थी। मुठभेड़ में भानु के सीने में गोली लगी। देर रात करीब 12 बजे उसे घायल अवस्था में अयोध्या मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

दर्शन नगर चौकी इंचार्ज बृजभूषण ने बताया कि मुठभेड़ के बाद भानु को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अपराध की दुनिया में सक्रिय

पुलिस के अनुसार भानु न सिर्फ लूट-डकैती बल्कि कॉन्ट्रैक्ट किलिंग में भी शामिल था। लगातार बढ़ते अपराध और गंभीर वारदातों के कारण वह पुलिस और एसटीएफ की नजरों में था।

स्थानीय पुलिस और एसटीएफ की टीम मौके पर जांच कर रही है। मुठभेड़ में बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह मुठभेड़ पूर्वांचल में सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ पुलिस-एसटीएफ की सख्त कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है।