चंदौली मेडिकल कॉलेज से दिनदहाड़े बाइक चोरी, वारदात CCTV में कैद

चंदौली : चंदौली के बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। दिनदहाड़े आईसीयू में कार्यरत एक कर्मचारी की नई बाइक चोरी हो गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

पीड़ित आईसीयू कर्मचारी मुश्ताक अहमद ने बताया कि उन्होंने अपनी बाइक कॉलेज परिसर में खड़ी की थी। कुछ ही देर बाद चोर उसे लेकर फरार हो गए। जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तो चोरी की पूरी वारदात साफ दिखाई दी।

मुश्ताक अहमद का आरोप है कि सदर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया है। अन्य पीड़ितों की तरह उन्हें भी केवल जांच का आश्वासन देकर टाल दिया गया है और अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

Also Read : बरेली में हीटवेव से बचाव को लेकर स्कूलों में नई गाइडलाइन लागू, मटके और ORS की व्यवस्था अनिवार्य

कॉलेज परिसर में अवैध पार्किंग के कारण सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है। यहां 30 गार्ड और 5 राइफलमैन तैनात होने के बावजूद चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कर्मचारियों और मरीजों में दहशत का माहौल है।

मुश्ताक अहमद ने कहा, “मैंने अपनी नई बाइक कॉलेज परिसर में खड़ी की थी। थोड़ी देर बाद देखा तो बाइक गायब थी। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर बाइक लेकर जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है। हमें सिर्फ जांच का भरोसा दिया जा रहा है।” पीड़ितों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए एसपी चंदौली से कार्रवाई की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक आराम से परिसर में घूमता नजर आता है। वह पहले आसपास का जायजा लेता है, फिर मौका देखकर बाइक के पास पहुंचता है और कुछ ही मिनटों में उसे स्टार्ट कर फरार हो जाता है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)