वाराणसी में डॉ. आंबेडकर, भगवान बुद्ध और मां काली की प्रतिमाओं से छेड़छाड़, मुकदमा दर्ज

वाराणसी: चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, तथागत भगवान बुद्ध और मां काली की प्रतिमाओं से छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

शनिवार सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमाओं के साथ हुई छेड़छाड़ की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर चोलापुर और सारनाथ थानों की पुलिस भी गांव पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस लगातार ग्रामीणों के संपर्क में रही।

Also Read: CJP प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज से भड़का विपक्ष , अखिलेश बोले- ये सरकार नहीं, अहंकार है

एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि राजकुमार भारती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए कई विशेष पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं के स्थान पर नई प्रतिमाएं जल्द स्थापित कराई जाएंगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने संयम बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की बात कही।

Also Read: ‘गृह मंत्री अमित शाह ने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया…’, बोले राहुल गांधी

ग्रामीणों ने मांग की कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मौके पर चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, चोलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम और सारनाथ थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ देर तक मौजूद रहे। पूरे गांव में एहतियातन पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)