चंदौली: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) क्षेत्र के जलीलपुर गांव में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने जल निगम विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। गांव में पिछले 15 से 20 दिनों से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है, जबकि कई घरों में पानी पहुंच ही नहीं रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सप्लाई लाइन फटने और कार्यदायी संस्था द्वारा अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई जगह पाइप क्षतिग्रस्त हो जाने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। इससे लगभग 35 मकान प्रभावित हैं।
लोग पीने के साफ पानी के लिए तरस रहे हैं और मजबूरी में गंदा पानी इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभाग से चार से पांच बार शिकायत की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि जल निगम विभाग और स्थानीय प्रशासन इस मामले में लापरवाह बना हुआ है।
हैरानी की बात यह है कि शिकायतों के बावजूद अब तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर स्थिति का जायजा लेने तक नहीं पहुंचा है। इस अनदेखी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
नाराज ग्रामीणों ने जल निगम विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कर साफ पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन में पिंटू खान, सनी खान, इश्तियाक खान, नौशाद अहमद, इमरान अहमद, अरशद अंसारी, वसीम अंसारी, शकील अंसारी और रहमतुल्ला अंसारी सहित कई ग्रामीण शामिल थे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।










































