हरचंदपुर में दवा कारोबारियों से मारपीट, दवा से भरा बैग और नकदी लूटने का आरोप; पुलिस ने लूट की घटना से किया इंकार

रायबरेली। हरचंदपुर कस्बे में गुरुवार सुबह दवा कारोबारियों के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारियों ने कार सवार कुछ लोगों पर हमला कर दवा से भरा बैग और नकदी छीनने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने प्रथम दृष्टया लूट की वारदात से इंकार करते हुए मामले को रुपये के लेन-देन से जुड़ा विवाद बताया है।

जानकारी के अनुसार, घटना 4 जून 2026 गुरुवार को सुबह करीब 9 बजे की है। पीड़ित दवा कारोबारी हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी बताए जा रहे हैं, जो हरचंदपुर कस्बे में दवा बिक्री के सिलसिले में आए थे। आरोप है कि इसी दौरान कार सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। पीड़ितों का कहना है कि आरोपियों ने उनके पास मौजूद लगभग 50 हजार रुपये मूल्य की दवाओं से भरा बैग और 17 हजार रुपये नकद छीन लिया।

Also Read : फेसबुक पर रुखसाना नाम की आई डी से पार्टी को बदनाम करने का आरोप , भाजपा मीडिया प्रभारी की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा 

घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में मामला लूट का नहीं बल्कि आपसी रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। वहीं पीड़ित कारोबारी लूट की बात पर कायम हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल हरचंदपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)