रायबरेली : रायबरेली जिले के सताओ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत किलौली में ग्राम प्रधान पर भ्रष्टाचार और मनमाने तरीके से विकास कार्य कराने के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में बिना जानकारी दिए कार्य कराए गए और कई लोगों से झूठ बोलकर हस्ताक्षर भी कराए गए। घटना का वीडियो आज दिनांक 19 मई 2026 दिन मंगलवार को समय करीब 5:00 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
इन्हीं आरोपों को लेकर गांव के कुछ सजग ग्रामीण पंचायत घर पहुंचे और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि वे पंचायत के विकास कार्यों और खर्चों का हिसाब मांग रहे थे, लेकिन इसी दौरान ग्राम प्रधान भड़क गए और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि प्रधान द्वारा हाथापाई की कोशिश भी की गई और विरोध कर रहे लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में हुए कार्यों को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे हैं। उनका आरोप है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती गई और जनता को गुमराह कर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पंचायत में हुए कथित भ्रष्टाचार की सच्चाई सामने आ सकती है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे ग्रामीणों ने प्रमाण के तौर पर साझा किया है। वीडियो में पंचायत घर के बाहर हंगामे जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस पूरे मामले को लेकर ग्राम प्रधान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
एक तरफ सरकार गांवों में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त पंचायत व्यवस्था की बात कर रही है, वहीं दूसरी तरफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर आवाज उठाने वाले ग्रामीणों को डराने-धमकाने के आरोप प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।









































