UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के गाजियाबाद में शुक्रवार सुबह यूट्यूबर सलीम वास्तिक (YouTuber Salim Wastik) पर हमला हुआ। बेटे की तहरीर के आधार पर पुलिस ने इस मामले में दिल्ली निवासी बिल्डर और एआईएमआईएम नेता समेत कुल पांच लोगों को नामजद किया है। पुलिस आरोपियों की खोज में दबिशें दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और कहा कि प्रदेश में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है।
यूट्यूबर की पहचान और विवादित बयान
सलीम वास्तिक अपने यूट्यूब चैनल पर खुद को एक्स मुस्लिम बताते हैं। वे मुस्लिम समाज की कुरीतियों, धार्मिक मान्यताओं और शिक्षा प्रणाली पर बेबाक राय व्यक्त करते रहे हैं। इसी वजह से पहले भी उन्हें धमकियां मिल चुकी हैं। उनके बयान कुछ कट्टरपंथी समूहों को नागवार गुजरे और इसने विवाद को जन्म दिया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
सलीम वास्तिक लोनी के अल्वी नगर इलाके के निवासी हैं। अली गार्डन कॉलोनी स्थित उनके ऑफिस में बाइक सवार दो हमलावरों ने उनका गला रेत और पेट पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल सलीम को दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने गले के घाव का सफल ऑपरेशन किया है और परिवार के अनुसार पेट का ऑपरेशन भी किया जाएगा। उनकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
आरोपियों की तलाश और जांच की तैयारी
सलीम के बेटे उस्मान ने भाटी बिल्डर, एआईएमआईएम नेता अजगर, अशरफ, शाहरुख और सोनू के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर संभावित रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, कई टीमें गठित कर दी गई हैं और सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर दबिश दी जा रही है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































