लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल के पारित न होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सत्तारूढ़ बीजेपी ने इस मुद्दे को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है और देशभर में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी का आरोप है कि विपक्ष ने महिला सशक्तिकरण के इस महत्वपूर्ण कदम को रोकने की कोशिश की।
लखनऊ में देर रात प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश की राजधानी में देर रात बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अपर्णा यादव के नेतृत्व में पार्टी समर्थकों ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने कहा की, महिला आरक्षण बिल का विरोध करने पर पार्टियां खत्म होंगी। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी दलों के झंडे भी जलाए गए, जिससे माहौल और अधिक गरमा गया।
अटल जी का जिक्र और विपक्ष पर हमला
प्रदर्शन के दौरान अपर्णा यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि ‘काली रात है, सूरज उगेगा और फिर से कमल खिलेगा।’ उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो लोग महिला अधिकारों का विरोध कर रहे हैं, उन्हें जनता जवाब देगी।
महिला कार्यकर्ताओं की कड़ी प्रतिक्रिया
बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं ने इस बिल को नारी सम्मान और अधिकारों से जुड़ा अहम मुद्दा बताया। उनका कहना था कि जो दल महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े हैं, उन्हें देश की नारी शक्ति कभी माफ नहीं करेगी। प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव के खिलाफ भी जमकर नारे लगाए गए।
Also Read: लोकसभा में फेल हो गया महिला आरक्षण बिल ! सरकार को नहीं मिला दो तिहाई बहुमत
वोटिंग में पीछे रह गया बिल
गौरतलब है कि 131वें संविधान संशोधन बिल को पारित करने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत आवश्यक था। कुल 528 वोटों में से 298 बिल के पक्ष में और 230 विपक्ष में पड़े, जिससे यह प्रस्ताव जरूरी 352 वोटों से 54 वोट कम रह गया। अब बीजेपी इस मुद्दे को लेकर देशभर में जनसमर्थन जुटाने की रणनीति पर काम कर रही है।
















































