महिला आरक्षण बिल पर सियासी घमासान तेज, अपर्णा यादव का विधानसभा पर जोरदार प्रदर्शन, कांग्रेस-सपा का झंडा जलाया

महिला आरक्षण बिल: संसद में लंबे समय से लंबित महिला आरक्षण बिल के पारित न होने को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव (Aparna Yadav) ने शुक्रवार देर रात विधानभवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और कांग्रेस (Congress) के झंडे जलाकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि इस महत्वपूर्ण बिल के अटकने से महिलाओं को उनका अधिकार अब तक नहीं मिल सका है।

विपक्ष पर इच्छा शक्ति की कमी का आरोप

अपर्णा यादव ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल के पारित न होने के पीछे उनकी कमजोर राजनीतिक इच्छाशक्ति जिम्मेदार है। उन्होंने इसे महिलाओं के हक के साथ अन्याय बताया। इसी मुद्दे को लेकर राज्य महिला आयोग की अन्य सदस्यों ने भी समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी।

Also Read: लोकसभा में फेल हो गया महिला आरक्षण बिल ! सरकार को नहीं मिला दो तिहाई बहुमत

सपा का पलटवार, भाजपा पर तंज

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में करोड़ों महिलाओं की मौजूदगी के बावजूद भाजपा को प्रदर्शन के लिए कम से कम कुछ महिलाओं को तो आगे लाना चाहिए था। उनके बयान से इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है।

सरकार का समर्थन, विपक्ष को चेतावनी

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने महिला आरक्षण की पहल का समर्थन करते हुए कहा कि आजादी के बाद से महिलाओं को उनका उचित अधिकार नहीं मिल पाया है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि पूरे देश में इसकी सराहना हो रही है। साथ ही उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जो दल इस बिल का विरोध कर रहे हैं, उन्हें आने वाले समय में इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)