21 मई को लेखपाल भर्ती परीक्षा, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी; CCTV और कंट्रोल रूम से होगी मॉनिटरिंग

फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद जनपद में 21 मई को प्रस्तावित लेखपाल भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।

जिले में लेखपाल भर्ती परीक्षा के लिए कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर निगरानी के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। वहीं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया है कि वे परीक्षा वाले दिन सुबह 7 बजे कोषागार पहुंचकर प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।

Also Read : बलिया में गरजा बुलडोजर, दुबहर रिंग बंधा मार्ग से हटाया गया अतिक्रमण

प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्ती दिखाई है। परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, स्मार्ट बैंड, कैलकुलेटर समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा पर्स, हैंडबैग, कागज के टुकड़े, प्लास्टिक पाउच और सनग्लासेस जैसी वस्तुओं पर भी प्रतिबंध रहेगा।
नकल रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में स्थित फोटोकॉपी की दुकानें, साइबर कैफे और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की दुकानें परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

हर परीक्षा केंद्र पर कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम बनाए जाएंगे तथा सीसीटीवी कैमरों के जरिए गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कैमरे समय से स्थापित कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा परीक्षा केंद्रों में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पहचान पत्र गले में धारण करना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)