मथुरा : मथुरा जिले के फरह ग्राम महुअन में अम्बेडकर पार्क में बिना प्रशासनिक अनुमति के डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी की सूचना पर क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी व थाना प्रभारी छोटे लाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आयोजकों को नियमानुसार अनुमति के बाद ही प्रतिमा का अनावरण करने की हिदायत दी।
मिली जानकारी के अनुसार महुअन गांव में 14 अप्रैल को प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम प्रस्तावित था। बिना अनुमति मूर्ति लगाने की सूचना पर सोमवार को सीओ रिफाइनरी व थाना प्रभारी छोटे लाल मौके पर पहुंचे और आयोजन समिति से अनुमति संबंधी कागजात मांगे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर मूर्ति स्थापना के लिए स्थानीय प्रशासन की अनुमति आवश्यक है।
इस पर कार्यक्रम के संयोजक एस.पी. निगम व अध्यक्ष कालीचरण सुमन ने बताया कि समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के लेटर पर शासन द्वारा अनुमति दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक मथुरा के अधिकारियों तक अनुमति संबंधी आदेश नहीं पहुंचा है। आयोजकों ने कहा कि अब प्रशासनिक अधिकारियों के आदेश मिलने के बाद ही मूर्ति स्थापित की जाएगी। पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































