गोंडा के कटरा बाजार में भगवान परशुराम प्रकटोत्सव में उमड़ी भीड़, पूर्व विधायक ने सरकार पर लगाए आरोप; सपा के समर्थन का लिया संकल्प

गोंडा : विधानसभा क्षेत्र कटरा बाजार के किसान डिग्री कॉलेज, रामापुर में पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे के नेतृत्व में भगवान परशुराम प्रकटोत्सव का आयोजन बड़े धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे आयोजन स्थल पर धार्मिक व सामाजिक उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अयोध्या से आए संतोष दूबे रहे, जबकि संचालन पूर्व प्रधान अर्जुन गोस्वामी ने किया।

अपने संबोधन में पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे ने वर्तमान भाजपा सरकार पर ब्राह्मण समाज की उपेक्षा और अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व की सपा सरकार में अखिलेश यादव ने परशुराम जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर सम्मान दिया था, जबकि वर्तमान सरकार छुट्टियां समाप्त कर रही है।

Also Read : ‘कन्नौज का नाम बदलकर गोरखपुर कर देंगे…’,स्मृति ईरानी के चैलेंज पर अखिलेश यादव का पलटवार

मुख्य अतिथि संतोष दूबे ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों और सनातन परंपराओं के साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने काशी और अयोध्या में विकास कार्यों के दौरान प्राचीन मंदिरों और धरोहरों को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए।

विशिष्ट अतिथि मनोहर नाथ तिवारी ‘लल्लू सोहगौरा’ ने कहा कि भाजपा समाज में विभाजन की राजनीति कर रही है, जो देश के हित में नहीं है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भगवान परशुराम का माल्यार्पण कर आगामी विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी बैजनाथ दूबे को विजयी बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर रामकुमार शुक्ला, अशोक तिवारी (एडवोकेट), ओंकार नाथ ‘दद्दन’ शुक्ला, परमेंद्र उपाध्याय, लालता प्रसाद मिश्रा, छोटू ओझा, विजय दूबे, पवन पांडेय, अनूप ओझा, छोटे शुक्ला (प्रधान), पवन तिवारी (पूर्व प्रधान), विंदु देव मिश्रा, गिरीश शुक्ला, अंजनी तिवारी, अजीत तिवारी, कुलदीप श्रीवास्तव सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)