अमेठी:अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत गौरीगंज पुलिस ने मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। रोहसी खुर्द गांव स्थित टीवी टावर के समीप संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही पिकअप वाहन में सवार चार बदमाश भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जबकि उसके तीन साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश पिकअप वाहन से इलाके की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया। घायल आरोपी की पहचान अख्तर हुसैन उर्फ राजू के रूप में हुई, जबकि गिरफ्तार अन्य आरोपियों में दद्दन प्रसाद वर्मा, मोहम्मद रईस उर्फ बब्लू और तेजबहादुर शामिल हैं।
नकदी, हथियार और चोरी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 32,200 रुपये नकद, अवैध तमंचा, कारतूस, कूटरचित नंबर प्लेट लगी पिकअप, रस्सियां, टॉर्च, चाकू, पेचकस और प्लायर बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे भैंस, पड़वा, सोलर पैनल समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर बेचने का संगठित गिरोह चलाते थे। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी इलाके की रेकी किया करते थे।
पुरानी चोरियों का भी हुआ खुलासा
पूछताछ में बदमाशों ने कई पुरानी चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया। उन्होंने स्वीकार किया कि करीब 12 दिन पहले लोनियन का पुरवा गांव से एक भैंस और एक पड़वा चोरी कर 60 हजार रुपये में बेच दिया था। इसके अलावा बासूपुर और अत्तानगर पंचायत भवनों से सोलर पैनल चोरी करने की बात भी उन्होंने मानी। पुलिस का कहना है कि मंगलवार को भी चारों आरोपी रोहसी खुर्द क्षेत्र में पशु चोरी की वारदात को अंजाम देने की नीयत से पहुंचे थे।
हिस्ट्रीशीटर निकला मुख्य आरोपी, कई मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घायल आरोपी अख्तर हुसैन उर्फ राजू एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं तेजबहादुर पर छह और मोहम्मद रईस उर्फ बब्लू पर दो मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































