जौनपुर: शाहगंज पुलिस ने करीब आठ महीने पुराने झपट्टामारी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला से छीने गए मांगटीका, नाक की कील, पायल और अंगूठियां भी बरामद की हैं। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2025 को शाहगंज कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली रेशमा बानो अपने जेवरों की सफाई कराने बाजार गई थीं। वापस लौटते समय एक अज्ञात युवक ने झपट्टा मारकर उनके जेवर छीन लिए और फरार हो गया था। घटना के संबंध में शाहगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर शाहगंज पुलिस ने बड़ी मस्जिद के पास से कमालुद्दीन पुत्र अब्दुल अजीज निवासी ससना अंबारी, थाना फूलपुर (आजमगढ़) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से महिला के छीने गए जेवर बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी, गबन समेत कई संगीन मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि उसने जिले या आसपास के क्षेत्रों में और कितनी झपट्टामारी या अन्य वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















































