UP: मुगलसराय में गोलगप्पा कारखाने में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

UP: मुगलसराय नगर के न्यू महाल इलाके में सोमवार को एक गोलगप्पा निर्माण कारखाने में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कारखाने में रखा तैयार माल, कच्चा सामान और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई।

सोमवार 12 बजे हुई घटना, मची चीख-पुकार

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कारखाना संचालक भरत के अनुसार घटना सोमवार करीब 12 बजे हुई। आग की लपटें देख आसपास के घरों में सो रहे लोग भी दहशत में बाहर निकल आए।

Also Read: ’10 साड़ी और 16 हजार के लिए मां ने बेची अपनी ही बेटी…’, वाराणसी में 4 महीने तक दरिंदगी का शिकार बनी मासूम

दमकल ने आग को फैलने से रोका

मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को आसपास के रिहायशी हिस्सों में फैलने से रोका। आग बुझाने में करीब दो घंटे का समय लगा। गनीमत रही कि आग घनी आबादी वाले इलाके में और नहीं फैली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

चार लाख के नुकसान का अनुमान

कारखाना संचालक भरत के अनुसार आग की वजह से लगभग चार लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। तैयार गोलगप्पे, आटा, सूजी, तेल और पैकिंग सामग्री पूरी तरह जल गई। मशीनें भी आग की चपेट में आकर खराब हो गईं। उन्होंने बताया कि मकान में परिवार के सदस्यों समेत करीब 40 से 50 लोग काम करते हैं।

Also Read: UP: अमेठी में तबादला एक्सप्रेस, कई दरोगा और सिपाहियों के कार्यक्षेत्र बदले

सभी सुरक्षित, जनहानि नहीं

राहत की बात यह रही कि घटना के समय किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। रात होने के कारण कारखाने में कम लोग मौजूद थे।फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने ऐसे रिहायशी इलाकों में संचालित कारखानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि कारखानों में फायर सेफ्टी उपकरण होने चाहिए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)