सहारनपुर: समाजवादी पार्टी के नेता अब्दुल गफूर के भतीजे की बारात हेलिकॉप्टर से रवाना हुई। इस खास बारात में सपा विधायक आशु मलिक भी बाराती बनकर हेलिकॉप्टर में सवार हुए। हेलिकॉप्टर वाली बारात को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बारात में समाजवादी पार्टी के झंडे भी नजर आए, जिससे पूरे आयोजन में चुनावी माहौल देखने को मिला।
दूल्हे रिजवान मलिक एडवोकेट ने बताया कि हेलिकॉप्टर से बारात ले जाना उनके परिवार का सपना था। उन्होंने कहा कि उनके पिता, ताऊ और चाचा की इच्छा थी कि उनका बेटा और भतीजा हेलिकॉप्टर से बारात लेकर जाए। उन्होंने कहा कि शौक बड़ी चीज है, खर्चा कितना भी हो जाए फर्क नहीं पड़ता। रिजवान मलिक ने बताया कि बारात मावी कला से बेहट रोड स्थित मुल्लानगर राजपुर गांव जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहली बार किसी की बारात हेलिकॉप्टर से जा रही है। इतना ही नहीं, दुल्हन की विदाई भी हेलिकॉप्टर से ही कराई जाएगी।
इस दौरान सपा विधायक आशु मलिक के शामिल होने से कार्यक्रम पूरी तरह राजनीतिक रंग में नजर आया। दूल्हे ने कहा कि हेलिकॉप्टर रामपुर विधानसभा क्षेत्र से उड़कर शहर विधानसभा और फिर देहात विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरेगा। उन्होंने दावा किया कि ‘तीनों सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी।’ साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सातों विधानसभा सीटों पर सपा की जीत होगी। हेलिकॉप्टर वाली इस बारात की पूरे इलाके में खूब चर्चा रही और लोग इसे देखने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए।












































