UP: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शनिवार की सुबह जिला प्रशासन ने कांग्रेस कार्यालय को खाली कराकर अपने कब्जे में ले लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई। शहर कोतवाली क्षेत्र में घंटाघर के पास स्थित कांग्रेस कार्यालय पर तहसील प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची और कार्यालय को खाली कराने की कार्रवाई पूरी की।
बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन की ओर से पूर्व में कांग्रेस पार्टी को कार्यालय खाली करने का नोटिस दिया गया था। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से मामले को लेकर हाईकोर्ट में गुहार लगाई गई थी, लेकिन वहां से पार्टी को तत्काल कोई राहत नहीं मिल सकी। इसके बाद शनिवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कार्यालय को खाली करा दिया और भवन पर ताला जड़ दिया।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम सदर, तहसीलदार समेत तहसील प्रशासन के अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रशासनिक टीम ने कार्यालय में मौजूद सामान को बाहर कराया और इसके बाद कार्यालय को अपने कब्जे में ले लिया।गौरतलब है कि इससे पहले सीतापुर में समाजवादी पार्टी के कार्यालय को भी खाली कराने की कार्रवाई की जा चुकी है। अब कांग्रेस कार्यालय पर हुई कार्रवाई को लेकर जिले की सियासत गरमा गई है।
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। हालांकि, प्रशासन की ओर से कार्रवाई को पूर्व में जारी आदेश और नोटिस के अनुपालन में की गई कार्रवाई बताया जा रहा है।


















































