UP: EVM की जांच से पहले प्रशासन ने कसी कमर, सुल्तानपुर में कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण

UP: सुल्तानपुर में नवीन सभागार कलक्ट्रेट में गुरुवार को ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) को लेकर कार्मिकों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एफएलसी में लगाए गए नोडल अधिकारियों और कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने प्रशिक्षण में अधिकारियों और कार्मिकों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एफएलसी की प्रक्रिया पूरी शुचिता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी प्रतिदिन एफएलसी प्रक्रिया की निगरानी के लिए उपस्थित रहने का अनुरोध किया।उन्होंने एफएलसी प्रक्रिया से संबंधित प्रोसीजर को गंभीरता से पढ़ने और प्रशिक्षण में उपलब्ध कराई गई पीपीटी का अध्ययन करने पर जोर दिया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रत्नप्रिया ने बताया कि एफएलसी से संबंधित सभी तैयारियां वेयरहाउस अकारीपुर में पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एफएलसी प्रक्रिया की हैंडबुक भी उपलब्ध कराई।

Also Read: ‘EVM से जीतकर EVM को हटाएंगे फिर चाहे साल लगे या फिर सदी…’, अखिलेश यादव का ईवीएम को लेकर भाजपा पर तीखा हमला

मुख्य राजस्व अधिकारी एवं एफएलसी सुपरवाइजर महेंद्र प्रताप ने एफएलसी के दौरान प्रयोग किए जाने वाले विभिन्न अनुलग्नकों को भरने और निर्वाचन आयोग को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समझाई। मास्टर ट्रेनर सत्यदेव पांडेय ने पीपीटी के माध्यम से एफएलसी की पूरी प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी दी।

कार्मिक नियुक्ति एवं प्रशिक्षण व्यवस्था की जिम्मेदारी देख रहे डॉ. जनार्दन राय ने बताया कि वेयरहाउस अकारीपुर में 29 सितंबर से एफएलसी प्रक्रिया शुरू होगी। प्रशिक्षण व्यवस्था में प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय सिंह और मो. यामीन ने सहयोग किया। पीपीटी तैयार करने और उसके संचालन में वकील अहमद इदरीसी का भी सक्रिय योगदान रहा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)