UP: गाजीपुर को मिलेगी बड़ी स्वास्थ्य सौगात! ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 बनाने की मांग, डिप्टी CM ने दिए निर्देश

UP: गाजीपुर के ट्रॉमा सेंटर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात की और गाजीपुर ट्रॉमा सेंटर को वर्तमान लेवल-3 से लेवल-2 में उच्चीकृत कर पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने की मांग रखी।

विजय मिश्र ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र देकर कहा कि गाजीपुर पूर्वांचल का एक महत्वपूर्ण आवागमन केंद्र है। राष्ट्रीय राजमार्गों, फोरलेन, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जुड़े होने के कारण यहां बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क हादसे, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और गंभीर चोट के मामलों में समय पर इलाज बेहद जरूरी है। ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 में अपग्रेड किए जाने से मरीजों को तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी और गंभीर मरीजों को दूसरे शहरों में रेफर करने की मजबूरी कम होगी।

Also Read: UP: रायबरेली में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिला अस्पताल समेत CHC-PHC में व्यवस्थाएं दुरुस्त

लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर में 24 घंटे इमरजेंसी और ट्रॉमा सेवाओं के साथ न्यूरोसर्जन, रेडियोलॉजिस्ट, एनेस्थेटिस्ट, ऑर्थोपेडिक सर्जन, जनरल सर्जन और कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर सहित नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था की मांग की गई है। इसके साथ ही ICU, क्रिटिकल केयर, ऑपरेशन थिएटर और आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की बात कही गई है। इसका फायदा सिर्फ गाजीपुर ही नहीं, बल्कि मऊ, आजमगढ़, बलिया और आसपास के जिलों के गंभीर मरीजों को भी मिलेगा।सबसे अहम बात यह है कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने इस मुद्दे को गंभीरता से सुनते हुए अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )