UP: सहारनपुर सांसद इमरान मसूद ने भाजपा पर साधा निशाना, विचारधाराओं की लड़ाई को लेकर कही ये बड़ी बातें!

UP: सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में इस समय विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक विचारधारा के अंदर हिंसा, द्वेष और जाति व धर्म के नाम पर नफरत है, जबकि दूसरी तरफ महात्मा गांधी की विचारधारा है, जो बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों को साकार करना चाहती है।

इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस देश के पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को समान अधिकार और बराबरी का दर्जा देने की विचारधारा पर चलती है। उन्होंने भाजपा पर आरक्षण को कमजोर करने की दिशा में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी कामों को बड़े पैमाने पर ठेके पर दिया जा रहा है, जिससे आरक्षण का लाभ प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब आंबेडकर के सपनों को चकनाचूर करने और संविधान को कमजोर करने का काम भाजपा कर रही है। उन्होंने दावा किया कि संविधान को मानने से इनकार करने वाली विचारधारा लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।

Also Read: UP: इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद सपा में शामिल,अखिलेश यादव के सामने ली सदस्यता

शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी इमरान मसूद ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है और परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिस्टम में ऐसे लोगों को बैठाया गया है, जो नहीं चाहते कि देश का युवा शिक्षित बने। उनका कहना था कि युवा शिक्षित होगा तो रोजगार मांगेगा और सरकार से सवाल करेगा।

इमरान मसूद ने उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में हजारों सरकारी स्कूल बंद हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्कूल बंद होंगे तो बच्चों और उनके अभिभावकों के सामने शिक्षा को लेकर बड़ी समस्या खड़ी होगी।

उन्होंने सरकार पर वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी को लेकर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कमियों को सामने आने से रोकने की कोशिश की जा रही है।

Also Read: ‘शिक्षण संस्थान को क्यों तबाह करना चाहते हैं?…’, जौहर यूनिवर्सिटी पर ED की कार्रवाई से भड़के इमरान मसूद

राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के मुद्दे पर इमरान मसूद ने कहा कि राष्ट्रगान के सम्मान के लिए निर्धारित नियमों और परंपराओं का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी विरासत महात्मा गांधी, रवींद्रनाथ टैगोर, सुभाष चंद्र बोस और सरदार पटेल जैसे नेताओं से जुड़ी है और कांग्रेस उसी विरासत को आगे बढ़ाने का दावा करती है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)