जौनपुर: लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज में शुक्रवार को पुरानी रंजिश को लेकर 28 वर्षीय विशाल यादव की मौत हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने लोहे की सरिया और रॉड से युवक पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल विशाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को एनएच-135ए पर रखकर जाम लगा दिया। हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन के दौरान कुछ वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने की भी सूचना है। घटना के बाद रामदयालगंज और आसपास के बाजारों में तनाव का माहौल बन गया तथा कई दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं।
Also Read: बंटवारे के विवाद में सगे भाइयों में खूनी संघर्ष, तीन घायल,चार पर मुकदमा दर्ज
सूचना पर लाइन बाजार थाना पुलिस के अलावा आसपास के थानों से भी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वारदात पुरानी रंजिश के चलते हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



















































