उत्तर प्रदेश : राम मंदिर चंदा विवाद पर कांग्रेस की ‘सद्बुद्धि यात्रा’, दोषियों की गिरफ्तारी की उठी मांग

इटावा : आज कथित राम मंदिर चंदा गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए शहर की सड़कों पर “सद्बुद्धि यात्रा” निकाली। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कथित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पूरे रास्ते “राम भक्तों की आस्था के साथ अब और खिलवाड़ नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, “चंदा चोरों को गिरफ्तार करो” और “धर्म के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करो” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा।

सद्बुद्धि यात्रा अंबेडकर तिराहा से शुरू होकर विकास भवन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय और कचहरी परिसर होते हुए दुर्गा मंदिर पर समाप्त हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि राम मंदिर के नाम पर एकत्र किए गए चंदे में किसी भी प्रकार की अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कानून के दायरे में लाना सरकार की जिम्मेदारी है। यात्रा के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा और पूरे कार्यक्रम पर प्रशासन की नजर बनी रही।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)