सहारनपुर : सहारनपुर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए अनधिकृत हूटर लगे दो चारपहिया वाहनों को सीज कर दिया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में थाना सदर बाजार पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग के दौरान कार्रवाई को अंजाम दिया.
पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रसेन सैनी के नेतृत्व में गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया, अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दो ऐसे वाहनों को चिन्हित किया जिनमें नियमों के विपरीत अनधिकृत हूटर लगाए गए थे. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो कार (UP19V 2021) और एक टोयोटा अर्बन क्रूजर (UK07HK9088) को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया. दोनों वाहनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है.
सहारनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और अनधिकृत हूटर का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस का कहना है कि ऐसे उपकरण न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं बल्कि आम जनता की सुरक्षा और शांति के लिए भी खतरा बन सकते हैं.
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रसेन सैनी, उपनिरीक्षक सुशील कुमार, उपनिरीक्षक अंकित कुमार, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल विजय कुमार तथा हेड कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे.
सहारनपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों में किसी भी प्रकार के अनधिकृत उपकरणों का प्रयोग न करें. नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































