बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में थाना इज्जत नगर के छोटी विहार कॉलोनी में रविवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक मजदूर का शव उसके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ. मृतक के शरीर पर चोट के गंभीर निशान हैं और घर की छत से खून से सना डंडा बरामद हुआ है।
आपको बता दें सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि शव कई घंटों तक घर में पड़ा रहा, लेकिन पत्नी और बेटे ने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी. पुलिस अब मां-बेटे से पूछताछ कर रही है.
अज्ञात कॉलर की सूचना पर पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 42 वर्षीय बालक राम के रूप में हुई है, जो मजदूरी करता था. पुलिस को रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने ‘यूपी 112’ पर सूचना दी कि छोटी विहार स्थित एक मकान में लाश पड़ी है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने देखा कि बालक राम का शव जमीन पर पड़ा था और शरीर से काफी खून बह चुका था.
छत पर मिला ‘कातिल’ डंडा
तलाशी के दौरान पुलिस जब घर की छत पर पहुंची, तो वहां खून से सना एक डंडा बरामद हुआ. आशंका जताई जा रही है कि इसी डंडे से वार कर बालक राम की हत्या की गई है. पुलिस ने तत्काल शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं.
संदेह के घेरे में परिजन
मृतक बालक राम शराब का आदी था. उसकी पत्नी लोगों के घरों में काम करती है और बेटा अजय एक होटल में तंदूरी कारीगर है. पूछताछ में मां-बेटे ने बताया कि जब वे काम से घर लौटे, तो बालक राम इसी हालत में पड़ा था. हालांकि, पुलिस के मन में कई सवाल खड़े हैं कि शव मिलने के कई घंटों बाद भी पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई,पड़ोसियों के बजाए किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को फोन क्यों किया, घर के भीतर हुई इस वारदात की भनक परिवार को क्यों नहीं लगी।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव पर चोट के निशान मिले हैं और छत से संदिग्ध डंडा बरामद हुआ है. परिजनों का आचरण संदिग्ध है क्योंकि उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस से साझा नहीं की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
INPUT-ANANYA MISHRA









































