UP: KGMU धर्मांतरण और यौन शोषण मामला, डॉ. रमीज के खिलाफ 800 पेज की चार्जशीट दाखिल, जांच में चौंकाने वाले खुलासे

लखनऊ: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) से जुड़े चर्चित धर्मांतरण और यौन शोषण मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डॉ. रमीजुद्दीन नायक समेत चार लोगों के खिलाफ 800 से अधिक पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है। चार्जशीट में दो पीड़िताओं के विस्तृत बयान, डिजिटल साक्ष्य और फोरेंसिक रिपोर्ट को शामिल किया गया है। आरोपी पर महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और मतांतरण के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप हैं।

जांच में चौंकाने वाले खुलासे

पुलिस जांच के दौरान आरोपी के पास से जब्त किए गए तीन लैपटॉप की फोरेंसिक जांच में करीब 12 साल पुराना 4TB डेटा मिला है। इसमें 500 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो पाए जाने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह सामग्री चार्जशीट का अहम हिस्सा बनाई गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी पढ़ाई के समय से ही इस तरह की गतिविधियों में लिप्त रहा है।

शादी का झांसा और मानसिक उत्पीड़न

पीड़िता, जो विश्वविद्यालय के पैथोलॉजी विभाग में कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में मतांतरण का दबाव डालने लगा। जब पीड़िता ने धर्म परिवर्तन से इनकार किया तो आरोपी ने शादी से पीछे हट गया। लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास भी किया। इस मामले में चौक कोतवाली में दुष्कर्म, जबरन गर्भपात, धमकी और मतांतरण सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया था।

ब्लैकमेल का आरोप और अन्य पीड़िताएं

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी खुद को महिलाओं का सहायक बताकर उनके करीब पहुंचता था। आर्थिक और करियर सहयोग का भरोसा देकर संबंध बनाता और फिर कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था। पुलिस का कहना है कि दो युवतियों के साथ दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और मतांतरण के आरोपों की पुष्टि साक्ष्यों से हुई है।

परिजनों और सहयोगी को भी बनाया आरोपी

चार्जशीट में डॉ. रमीजुद्दीन के पिता सलीमुद्दीन, मां खतीजा और निकाह के गवाह शारिक खान को भी नामजद किया गया है। इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय के अनुसार, कुल सात धाराओं में आरोप तय करते हुए अदालत में चार्जशीट पेश की गई है। अब मामले की अगली सुनवाई अदालत में होगी, जहां अभियोजन पक्ष साक्ष्यों के आधार पर आरोप सिद्ध करने का प्रयास करेगा।